एचआरडीए की विद्युत व्यवस्था से जगमगाया बैरागी कैंप, रात में भी दिन जैसी रोशनी।
रिपोर्ट:अरुण कश्यप
हरिद्वार। कांवड़ मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) की ओर से की गई विद्युत व्यवस्था से बैरागी कैंप का पूरा क्षेत्र रोशनी से जगमगाता रहा। पूरे क्षेत्र में 24 घंटे विद्युत व्यवस्था उपलब्ध रहने से कांवड़ियों और अन्य श्रद्धालुओं को रात के समय भी आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई।
बैरागी कैंप क्षेत्र में प्रमुख मार्गों और आवश्यक स्थानों पर स्ट्रीट लाइटों की पर्याप्त व्यवस्था की गई थी। रात होते ही स्ट्रीट लाइटों से पूरा क्षेत्र रोशन हो जाता था, जिससे यहां रात में भी दिन जैसी रोशनी नजर आती रही। बेहतर प्रकाश व्यवस्था से श्रद्धालुओं को राहत मिलने के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था में भी मदद मिली।
एचआरडीए की ओर से मेला क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए कर्मचारियों की तैनाती और लगातार निगरानी की गई। कांवड़ यात्रा के दौरान बिजली की निर्बाध व्यवस्था को लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने भी संतोष जताया।



