पुलिस कप्तान सुरजीत सिंह पंवार के नेतृत्व में बड़े हत्या कांड का हुआ खुलासा,,,,,,
प्रतिष्ठा और उधारी बनी हत्या की वजह:ढाई महीने पुराने ब्लाइंड मर्डर का हुआ खुलासा।

रिपोर्ट अरुण कश्यप
चमोली । कर्णप्रयाग पुलिस ने करीब ढाई महीने पुराने अज्ञात शव प्रकरण का सनसनीखेज खुलासा करते हुए हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला 10 मार्च 2026 को सामने आया था, जब लंगासू क्षेत्र में चण्डिका माता मंदिर के नीचे अलकनंदा नदी किनारे एक शव बरामद हुआ था। शव के हाथ-पैर बंधे होने से मामला हत्या का प्रतीत हुआ।मृतक के हाथ पर लिखे “SOORAJ PUROHIT” नाम को आधार बनाकर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई। सर्विलांस और स्थानीय जानकारी के आधार पर मृतक की पहचान सूरज पुरोहित के रूप में हुई, जो 15 फरवरी से लापता था। पत्नी की तहरीर पर कोतवाली कर्णप्रयाग में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें आरोपी नरेन्द्र सिंह तोपाल शव को कार में ले जाते और बाद में वाहन धोते हुए दिखाई दिया। सख्ती से पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली। उसने बताया कि उसने 16 फरवरी को सूरज पुरोहित की हत्या कर शव को झूलाबगड़ पुल से अलकनंदा नदी में फेंक दिया था। मामले का खुलासा करते हुए पुलिस कप्तान सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने मृतक से ₹10,000 उधार लिए थे। मृतक द्वारा बार-बार सार्वजनिक रूप से अपमानित किए जाने से क्षुब्ध होकर आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया।पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार और रस्सी बरामद कर ली है। वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है। इस सफल खुलासे पर पुलिस टीम को आई जी गढ़वाल द्वारा सराहना और नकद पांच हजार रुपए का पुरस्कार भी दिया गया है।



