सेला पर्व पर 20 जुलाई को होगी भाकियू (टिकैत) की महापंचायत, श्यामपुर क्षेत्र में तेज हुई तैयारियां

रिपोर्ट: अरुण कश्यप
हरिद्वार। आगामी 20 जुलाई को सेला पर्व के अवसर पर सिद्ध स्रोत में प्रस्तावित भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की महापंचायत को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। महापंचायत की सफलता सुनिश्चित करने के लिए सोमवार को श्यामपुर क्षेत्र के विभिन्न गांवों में लगातार बैठकें आयोजित की गईं और किसानों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया गया।भाकियू (टिकैत) की ओर से आयोजित बैठकों में पहली बैठक ग्राम बाहर पीली इमानत में भडाना के आवास पर, दूसरी ग्राम नलोवाला में नूर मोहम्मद के आवास पर और तीसरी ग्राम गैंडीखाता में मोहम्मद असलम के आवास पर संपन्न हुई। इन बैठकों में संगठन के पदाधिकारियों एवं किसानों ने महापंचायत की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा की।पदाधिकारियों ने किसानों से अपील की कि वे 20 जुलाई को सिद्ध स्रोत पहुंचकर महापंचायत में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें, ताकि किसानों की समस्याओं और मांगों को प्रभावी ढंग से उठाया जा सके। महापंचायत को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान भी तेज कर दिया गया है और किसान संगठनों द्वारा गांव-गांव जाकर लोगों को कार्यक्रम की जानकारी दी जा रही है।


