खुद को आग लगाने वाली विवाहिता की एम्स में उपचार के दौरान मौत
– घरेलू विवाद के बाद उठाया था कदम
– मायके पक्ष ने ससुरालियों पर लगाया था प्रताड़ना का आरोप
गौरव कुमार
हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र के हेत्तमपुर गांव में कथित घरेलू विवाद के बाद खुद को पेट्रोल डालकर आग के हवाले करने वाली विवाहिता की बुधवार को एम्स ऋषिकेश में उपचार के दौरान मौत हो गई। महिला करीब 80 फीसदी तक जल चुकी थी। इधर, विवाहिता की मौत के बाद मायके पक्ष ने ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने पूर्व में दर्ज मुकदमे की विवेचना तेज कर दी है। भारती की शादी बीते वर्ष 27 अक्तूबर 2024 को आशीष पुत्र विजय सिंह निवासी हेतमपुर से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच विवाद की स्थिति बनने लगी। परिजनों का कहना है कि विवाहिता को अक्सर ससुराल पक्ष की ओर से दहेज को लेकर प्रताड़ित किया जाता था। बताया गया कि 11 अक्तूबर को किसी बात को लेकर घर में विवाद हुआ, जिसके बाद भारती ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसी अवस्था में उसे एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया था। इस घटना के बाद मायके पक्ष ने पति आशीष समेत अन्य ससुरालियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस में शिकायत दी थी। महिला आयोग के हस्तक्षेप पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। सिडकुल थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि बुधवार को उपचार के दौरान विवाहिता की मौत हो गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि तहसीलदार सचिन कुमार ने पहले ही एम्स में विवाहिता का मृत्यु कालिक बयान दर्ज किया था, जिसमें उसने स्वयं आग लगाने की बात स्वीकार की थी और किसी पर प्रताड़ना का आरोप नहीं लगाया था। बताया कि मृतका के बयान और परिवार के आरोप दोनों पहलुओं की जांच की जा रही है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मनीषा नेगी के सुपुर्द है। पुलिस टीम को आवश्यक कार्यवाही के लिए एम्स भेज दिया गया है।



