हरिद्वार के पूरे नगर निगम क्षेत्र में लागू होगा मीट बिक्री पर प्रतिबंध.
अब ज्वालापुर के इलाके भी प्रतिबंध के दायरे में आएंगे, सराय में मीट कारोबारियों के लिए दुकानें तैयार, नीलामी शुरू
रिपोर्ट मोहित प्रधान.
————————–
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में मांस बिक्री पर प्रतिबंध को लेकर नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। नगर निगम बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव पारित होने के बाद अब पूरे नगर निगम क्षेत्र में मांस बिक्री प्रतिबंधित करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। इसके लिए ‘नगर निगम हरिद्वार (मांस विक्रय प्रतिबंध) उपविधि, 2026’ तैयार कर प्रकाशन के लिए भेज दी गई है।उपविधि प्रकाशित होने के बाद नगर निगम के संपूर्ण क्षेत्र में कच्चे मांस की बिक्री, भंडारण और बिक्री के लिए प्रदर्शन प्रतिबंधित होगा। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म, मोबाइल एप और अन्य डिजिटल माध्यमों से मांस की डिलीवरी भी प्रतिबंध के दायरे में रहेगी। इस फैसले से ज्वालापुर के वे इलाके भी प्रतिबंध के दायरे में आ जाएंगे, जो अब तक इससे बाहर थे।उपविधि के उल्लंघन पर पहली बार 50 हजार रुपये और दूसरी बार एक लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान किया गया है। ऑनलाइन डिलीवरी कंपनियों के लिए पहली बार एक लाख और दूसरी बार तीन लाख रुपये तक आर्थिक दंड निर्धारित किया गया है। जरूरत पड़ने पर प्रतिष्ठान सील करने सहित अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जा सकेगी।नगर निगम अधिकारियों, मुख्य सफाई निरीक्षक और प्रवर्तन दल को नियमों के अनुपालन की निगरानी तथा कार्रवाई का अधिकार दिया जाएगा।
वहीं, मीट कारोबारियों के लिए सराय में वैकल्पिक दुकानों का निर्माण पूरा कर लिया गया है। दुकानों के आवंटन के लिए नीलामी प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। उपविधि प्रकाशित होते ही प्रतिबंध नगर निगम के पूरे क्षेत्र में प्रभावी होने की दिशा में आगे बढ़ेगा।


