संविधान दिवस पर डीएम ने अधिकारियों-कर्मचारियों को दिलाई संविधान की प्रस्तावना की शपथ

रिपोर्ट ; मोहित प्रधान
हरिद्वार। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराते हुए शपथ दिलाई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकार किया था, जिसे 26 जनवरी 1950 को लागू किया गया। उन्होंने कहा कि संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के मूल्यों को अपने जीवन और कार्य व्यवहार में अपनाना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
डीएम ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ करने की अपील की। साथ ही आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
इस दौरान सभी ने संविधान की प्रस्तावना में निहित आदर्शों और मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता सहित जिला कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


