### कांगड़ी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में अवैध बहुमंजिला निर्माण पर HRDA की चुप्पी, अधिकारियों की भूमिका पर उठे सवाल
उपशीर्षक: पहले सीलिंग में देरी, अब चोरी-छिपे सील तोड़ने का आरोप; फाइल नहीं मिलने का हवाला देकर जिम्मेदारी से बच रहे अधिकारी
रिपोर्ट ; मोहित प्रधान
हरिद्वार। हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। गंगा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र कांगड़ी में बने अवैध बहुमंजिला भवन को लेकर अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि निर्माण लंबे समय तक चलता रहा, लेकिन प्राधिकरण ने समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की। मामला सामने आने के बाद भवन को सील किया गया, लेकिन अब आरोप है कि चोरी-छिपे सील भी तोड़ दी गई। इसके बावजूद अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं।
मामले की जानकारी जुटाने पहुंचे स्थानीय निवासी शुभम सेमवाल को भी अधिकारियों के चक्कर काटने पड़े। आरोप है कि चार दिन तक भवन की सही लोकेशन नहीं बताई गई। लोकेशन मिलने के बाद अधिकारियों ने संबंधित फाइल उपलब्ध नहीं होने की बात कही।
मामले में जिम्मेदारी सहायक अभियंता प्रशांत सेमवाल पर बताई गई, लेकिन उन्होंने भी जांच कर जानकारी देने की बात कही।
कई सवालों के घेरे में HRDA
सबसे बड़ा सवाल है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में बहुमंजिला निर्माण कैसे हुआ? यदि भवन अवैध था तो समय पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई और सील किसकी अनुमति से तोड़ी गई? अब देखना होगा कि प्राधिकरण के उच्चाधिकारी मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई करते हैं या नहीं।


