प्रतिनियुक्ति की अवधि खत्म, कोर्ट में भी उठा दिग्विजय तिवारी का मामला; अब मूल विभाग वापसी पर निगाहें

रिपोर्ट: मोहित प्रधान
उत्तराखंड के टिहरी विकास प्राधिकरण में सहायक अभियंता पद पर तैनात दिग्विजय नाथ तिवारी की प्रतिनियुक्ति का मामला अब न्यायालय में उठने के बाद चर्चा में है। लोक निर्माण विभाग से प्रतिनियुक्ति पर आए तिवारी की प्रतिनियुक्ति अवधि 21 नवंबर 2026 को समाप्त हो चुकी है। न्यायालय में सुनवाई के दौरान सरकारी पक्ष के स्टेट काउंसिल ने भी प्रतिनियुक्ति अवधि समाप्त होने की बात स्वीकार की, जिसके बाद कोर्ट की ओर से इस संबंध में निर्देश दिए गए।
अब सवाल यह है कि शासन न्यायालय के निर्देशों और प्रतिनियुक्ति अवधि समाप्त होने के बाद दिग्विजय तिवारी को उनके मूल विभाग लोक निर्माण विभाग में वापस भेजने को लेकर कब निर्णय लेता है।दिग्विजय तिवारी की तैनाती और कार्यशैली को लेकर पूर्व में भी विवाद और शिकायतें सामने आती रही हैं। हरिद्वार में उनकी पूर्व तैनाती के दौरान मानचित्र स्वीकृति से जुड़े कुछ प्रकरणों को लेकर भी शिकायतें उठी थीं,
प्राधिकरणों में लगातार महत्वपूर्ण पदों पर तैनाती और कथित प्रभाव को लेकर चर्चाओं के बीच अब न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन पर निगाहें टिकी हैं। हालांकि, तिवारी से जुड़े अन्य आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और संबंधित पक्ष का जवाब सामने आना भी जरूरी है।
अब देखना होगा कि शासन न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में कितनी तत्परता दिखाता है और प्रतिनियुक्ति समाप्त होने के बाद तिवारी की मूल विभाग में वापसी को लेकर क्या कदम उठाए जाते हैं।


