जमीनी विवाद में हुड़दंग करने पर पिता-पुत्र गिरफ्तार

नलावाला गांव में आपस में कर रहे थे गाली-गलौज और मारपीट, शांति भंग की आशंका पर पुलिस ने की कार्रवाई
रिपोर्ट ; लक्ष्मण कश्यप
श्यामपुर। थाना श्यामपुर पुलिस ने जमीनी विवाद को लेकर हुड़दंग और लड़ाई-झगड़ा करने वाले दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, 12 नवंबर को महिला उपनिरीक्षक रचना पठानिया पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थीं। इसी दौरान ग्राम नलावाला में जमीनी विवाद को लेकर कुछ लोगों के बीच मारपीट और गाली-गलौज की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने विवाद कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे और उत्तेजित होकर झगड़े पर आमादा हो गए। शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नूर आलम (62) और उसके पुत्र शाहनवाज (36), निवासी नलावाला, गैंडीखाता के रूप में हुई है। दोनों को उपजिलाधिकारी रोशनाबाद के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस टीम में महिला उपनिरीक्षक रचना पठानिया सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।


