दूधियाबंद जंगल में हुई हत्या का चौथा आरोपी गिरफ्तार, 10 हजार का था इनाम
चंडी चौक से पुलिस ने दबोचा, हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद
रिपोर्ट; मोहित प्रधान
हरिद्वार। कोतवाली नगर पुलिस ने दूधियाबंद जंगल में हुई गोपाल की हत्या के मामले में फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक लोहे का चाकू भी बरामद किया है।
17 सितंबर 2026 को दूधियाबंद बस्ती स्थित बिजलीघर के पास जंगल में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। जांच में मृतक की पहचान बिजनौर निवासी गोपाल के रूप में हुई। मामले में पुलिस ने पहले तीन आरोपियों पायल, नरेंद्र और गोविंद को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में चारों आरोपियों द्वारा चापड़ और चाकू से गोपाल की हत्या करने की बात सामने आई थी।
चौथा आरोपी गजराज कश्यप लगातार फरार चल रहा था। एसएसपी ने उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस टीम ने 11/12 नवंबर की रात चंडी चौक से उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।


