कांगड़ी में रोडवेज बस की टक्कर से 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत

डायवर्जन पार करते समय हुआ हादसा, टक्कर मारने के बाद बस चालक फरार
रिपोर्ट; लक्ष्मण कश्यप
श्यामपुर। हरिद्वार-नजीबाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार दोपहर कांगड़ी के पास रोडवेज बस की टक्कर से 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा शेरों वाली मूर्ति के समीप बने डायवर्जन पर हुआ। दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नजीबाबाद क्षेत्र के खुरमपुर निवासी पुष्पेंद्र कश्यप किसी परिचित से मिलने कांगड़ी आ रहा था। मंगलवार दोपहर करीब 12:25 बजे वह हाईवे पर बने डायवर्जन को पार कर रहा था। इसी दौरान हरिद्वार से नजीबाबाद की ओर जा रही उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने 108 एंबुलेंस की मदद से घायल को मेला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।


