हाईवे पर हाथियों का झुंड देख बाइक सवार तीन युवक घायल, एक की टांग में फ्रैक्चर
श्यामपुर डेमोंस्ट्रेशन नर्सरी के सामने हुआ हादसा, 108 एंबुलेंस से पहुंचाया अस्पताल
रिपोर्ट ;लक्ष्मण कश्यप
हरिद्वार। हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर बुधवार रात हाथियों का झुंड अचानक सड़क पर आने से बाइक सवार तीन युवक हादसे का शिकार हो गए। घटना रात करीब नौ बजे बाहरी पीली के पास वन विभाग की श्यामपुर डेमोंस्ट्रेशन नर्सरी के सामने हुई।
जानकारी के अनुसार, बिजनौर जिले के नूरपुर निवासी गौरव (20), नानू (19) और विशाल कुमार (22) बाइक से हरिद्वार आ रहे थे। इसी दौरान जंगल से निकलकर हाथियों का झुंड सड़क पार करने लगा। हाथियों को सामने देखकर बाइक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई और तीनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि एक युवक की टांग में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि दो अन्य को चेहरे और शरीर पर चोटें आई हैं। हादसे की वजह को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। फिलहाल घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं।


