श्यामपुर के स्कूलों में विद्यार्थियों को किया नशे के प्रति जागरूक

दो इंटर कॉलेजों में आयोजित कार्यक्रम, 344 छात्र-छात्राओं को दी गई कानूनी अधिकारों की जानकारी
रिपोर्ट ; लक्ष्मण कश्यप
श्यामपुर। बाल दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से श्यामपुर क्षेत्र के दो इंटर कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में 344 छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों, बाल संरक्षण कानूनों और कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई।
राजकीय इंटर कॉलेज श्यामपुर और आदर्श इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में पैरा लीगल वालंटियर मुकेश कुमार सूर्या ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और गलत संगत से बचने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने नशे की लत से प्रभावित लोगों के उपचार एवं पुनर्वास की जानकारी भी दी।
वहीं, पैनल अधिवक्ता नीलू शर्मा ने बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों, बाल संरक्षण कानूनों और निशुल्क विधिक सहायता के बारे में बताया। उन्होंने अन्याय होने पर संबंधित अधिकारियों से मदद लेने की अपील की।
कार्यक्रम में आदर्श इंटर कॉलेज के 142 और राजकीय इंटर कॉलेज के 202 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं भी मौजूद रहे।


