दीपावली से पहले अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त, कनखल के झंडा चौक पर चला अभियान

सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरि के नेतृत्व में सड़क और फुटपाथ से हटाया गया अवैध कब्जा, आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
रिपोर्ट; मोहित प्रधान
हरिद्वार। दीपावली पर्व के मद्देनजर शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और आमजन को आवागमन में परेशानी से बचाने के लिए जिला प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मंगलवार को सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरि के नेतृत्व में कनखल के झंडा चौक क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने सड़क एवं फुटपाथ पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया। प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य बाजारों और प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था बेहतर बनाना तथा पैदल चलने वाले लोगों को सुगम रास्ता उपलब्ध कराना है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सड़कों और फुटपाथों पर अवैध कब्जे बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। दीपावली तक अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।


