हरिद्वार में तीसरे दिन भी चला विशेष स्वच्छता अभियान, 1.5 टन कूड़ा एकत्रित
142 स्वयंसेवियों ने किया श्रमदान, गंगा घाटों से ग्रामीण क्षेत्रों तक चलाया गया सफाई अभियान
रिपोर्ट; मोहित प्रधान
हरिद्वार, 23 अक्टूबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में मेलाधिकारी कुंभ सोनिका एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में तीर्थनगरी हरिद्वार में तीसरे दिन भी विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य श्रद्धालुओं और आमजन को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना तथा गंगा घाटों की स्वच्छता बनाए रखना है।
अभियान के तहत विष्णुघाट, हाथीपुल से हनुमान मंदिर तक, नमामि गंगे घाट, चंडी देवी, रामघाट, शीतला माता मंदिर घाट और गोविंद घाट सहित विभिन्न स्थानों पर सफाई की गई। इसके अलावा जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्वच्छता अभियान चलाया गया।
इस दौरान विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के 142 स्वयंसेवियों ने श्रमदान किया और लगभग 1.5 टन गीला एवं सूखा कूड़ा एकत्रित किया। भुवनेश्वरी महिला आश्रम, आईटीसी, आदर्श युवा समिति और परशुराम संस्था के सदस्यों ने अभियान में भाग लिया। जिला पंचायत, नगर निगम और महिला कल्याण विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी सहयोग दिया।
प्रशासन का उद्देश्य धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक क्षेत्रों को स्वच्छ बनाए रखने के साथ नागरिकों, व्यापारियों एवं श्रद्धालुओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है। अभियान के माध्यम से जनसहयोग और सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया जा रहा है।


