हल्द्वानी में महिला दरोगा को एसओजी कर्मी ने जड़ा थप्पड़, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
कोतवाली के अंदर महिला हेल्प डेस्क के पास हुई घटना, मामला अधिकारियों तक पहुंचा; एसओजी कर्मी का दूसरे सर्किल में किया गया तबादला
हल्द्वानी। शहर में पुलिस महकमे के भीतर एक महिला दरोगा को थप्पड़ मारने का मामला सामने आने के बाद विभाग में चर्चाएं तेज हो गई हैं। जानकारी के अनुसार, घटना करीब तीन दिन पुरानी बताई जा रही है। मामला कोतवाली के अंदर महिला हेल्प डेस्क के पास का है, जहां एसओजी में तैनात एक कर्मी और हल्द्वानी सर्किल में तैनात महिला दरोगा के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई।
बताया जा रहा है कि शुरुआत में दोनों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन विवाद बढ़ने पर एसओजी कर्मी ने महिला दरोगा को थप्पड़ जड़ दिया। शुरुआती दौर में स्थानीय स्तर पर मामले को दबाने की कोशिश किए जाने की चर्चा है, लेकिन बाद में मामला उच्चाधिकारियों तक पहुंच गया।
जानकारी के मुताबिक, घटना के बाद एसओजी कर्मी को दूसरे सर्किल में भेज दिया गया है। हालांकि, इस मामले में अधिकारी फिलहाल खुलकर कुछ भी कहने से बचते नजर आ रहे हैं।
नैनीताल के एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के अनुसार, मामले में किसी भी पक्ष की ओर से अभी तक लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। विवाद के कारणों और उससे जुड़े विभिन्न पहलुओं की निष्पक्ष जांच राजपत्रित अधिकारी के माध्यम से कराई जा रही है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



