कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति पर लगाए मारपीट, जातिसूचक शब्द कहने और हत्या की साजिश रचने के आरोप।
रिपोर्ट: अरुण कश्यप
देहरादून। 48 वर्षीय केबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने अपने पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। महिला ने पति पर धोखे से विवाह करने, अन्य महिलाओं से संबंध रखने, मारपीट करने, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, यमुना कॉलोनी, चकराता रोड निवासी रेखा आर्य का विवाह छह जुलाई 2004 को उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी गिरधारी लाल साहू के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। महिला का आरोप है कि पति ने विवाह के समय खुद को अविवाहित बताया था, जबकि बाद में उसे पता चला कि वह पहले से विवाहित था और उसके बच्चे भी हैं। बच्चों के भविष्य को देखते हुए वह लंबे समय तक चुप रही।
शिकायत में रेखा आर्या ने आरोप लगाया कि पति के अन्य महिलाओं से संबंधों का विरोध करने पर उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई। महिला का यह भी आरोप है कि सरकारी आवास पर स्टाफ के सामने उसके लिए जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया।
इसके अलावा, उन्होंने कंपनियों में निदेशक पद से हटाने के लिए उसके कथित फर्जी हस्ताक्षर और दस्तावेजों का इस्तेमाल किए जाने का आरोप लगाया है। शिकायत में एक ऑडियो रिकॉर्डिंग का हवाला देते हुए पति पर एक अन्य महिला के साथ मिलकर हत्या की साजिश रचने का भी आरोप लगाया गया है।
महिला ने अपनी और अपने नाबालिग बच्चों की सुरक्षा को खतरा बताते हुए कैंट थाना प्रभारी से प्राथमिकी दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल ये सभी आरोप शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए हैं। पुलिस की कार्रवाई और दूसरे पक्ष का बयान सामने आना बाकी है।


