सफारी के लिए खोले गए झिलमिल झील के गेट
प्रभागीय वनाधिकारी ने रिबन काटकर किया शुभारंभ, सैलानियों को सफारी के लिए किया रवाना। 
रिपोर्ट:लक्ष्मण कश्यप
हरिद्वार। हरिद्वार वन प्रभाग की झिलमिल झील के गेट गुरुवार से सैलानियों के लिए खोल दिए गए हैं। प्रभागीय वनाधिकारी स्वप्निल अनिरुद्ध और वन क्षेत्राधिकारी महेश शर्मा ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद रिबन काटकर सफारी का शुभारंभ किया। इसके साथ ही सैलानियों को सफारी के लिए रवाना किया गया।
हरिद्वार वन प्रभाग की झिलमिल झील पिछले कुछ वर्षों में सैलानियों के पसंदीदा पर्यटन स्थलों में शामिल होती जा रही है। जहां राजाजी टाइगर रिजर्व की चीला रेंज सहित अन्य सफारी ट्रैक नवंबर से खोले जाते हैं, वहीं झिलमिल झील को 15 अक्टूबर से ही सैलानियों के लिए खोल दिया जाता है। यही वजह है कि यहां पर्यटकों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
वन क्षेत्राधिकारी महेश शर्मा ने बताया कि गुरुवार से झिलमिल झील के गेट सैलानियों के लिए खोल दिए गए हैं। सफारी के दौरान पर्यटकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
इस अवसर पर वन दरोगा धर्मपाल सिंह रावत, मोहन सिंह रावत, राकेश कंडवाल, हनुमंत प्रसाद द्विवेदी, सुधीर, पंकेश कुमार, राहुल राणा, सत्यम सहित वन विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।


