कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कन्या इंटर कॉलेज ज्वालापुर में सोलर हैंडपंप व मंच शेड का किया लोकार्पण

वैश्विक हाथ धुलाई दिवस पर ‘डेटॉल स्कूल हाइजीन एजुकेशन प्रोग्राम’ का शुभारंभ
हरिद्वार, 15 अक्टूबर 2026। उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पीएम श्री राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, ज्वालापुर में सोलर ड्यूल हैंडपंप एवं मंच शेड का लोकार्पण किया। इस अवसर पर विद्यालय में ‘डेटॉल स्कूल हाइजीन एजुकेशन प्रोग्राम’ का भी शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, प्रधानाचार्य पूनम राणा और स्थानीय पार्षद निशा पुंडीर सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से किया। सोलर ड्यूल हैंडपंप से छात्राओं को पेयजल सुविधा मिलेगी, जबकि मंच शेड का उपयोग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन में किया जाएगा।
वैश्विक हाथ धुलाई दिवस पर छात्राओं को संबोधित करते हुए मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि साबुन और पानी से नियमित हाथ धोना स्वस्थ जीवन के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि भोजन से पहले और शौचालय के उपयोग के बाद हाथ धोने से कई संक्रमणों और बीमारियों से बचाव किया जा सकता है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे स्वच्छ भारत मिशन का उल्लेख करते हुए सभी से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कम से कम 20 सेकंड तक साबुन से हाथ धोने पर जोर दिया।
कार्यक्रम का संचालन रश्मि डबराल ने किया। इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार, प्रकाश नेगी, राजेंद्र कटारिया, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।


