चकराता बाजार में अतिक्रमण के खिलाफ पुलिस का अभियान, 8 के चालान


4 दुकानदारों और 4 वाहन चालकों पर कार्रवाई, त्योहारों के मद्देनजर आगे भी जारी रहेगा अभियान
चकराता (देहरादून), 17 अक्टूबर। त्योहारों के सीजन को देखते हुए चकराता पुलिस ने बाजार में अतिक्रमण और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अभियान चलाया। इस दौरान मुख्य सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों तथा सड़क पर अनाधिकृत रूप से वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, चकराता बाजार में कुछ दुकानदारों ने अपनी दुकानों का सामान एवं हिस्सा सड़क और फुटपाथ तक बढ़ा रखा था। वहीं, कुछ वाहन चालक सड़क पर अनाधिकृत रूप से वाहन खड़े कर आमजन की आवाजाही और यातायात में बाधा उत्पन्न कर रहे थे।
मामले को गंभीरता से लेते हुए चकराता पुलिस ने 4 दुकानदारों के खिलाफ उत्तर प्रदेश पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत संयोजन शुल्क के रूप में कुल 2,000 रुपये की कार्रवाई की। इसके अलावा, 4 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए मामले माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया अपनाई गई।
पुलिस ने सभी दुकानदारों, आमजन और टैक्सी यूनियन के सदस्यों को भविष्य में इस तरह की पुनरावृत्ति न करने की सख्त हिदायत दी। साथ ही बाजार क्षेत्र में सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त रखने तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
चकराता पुलिस ने स्पष्ट किया कि आगामी त्योहारों के दौरान बाजार में भीड़ और वाहनों की आवाजाही को देखते हुए अतिक्रमण के खिलाफ चालानी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस का उद्देश्य बाजार में सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना और आमजन को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत दिलाना है।


