मुख्यमंत्री धामी से अभिनेता अक्षय कुमार की शिष्टाचार भेंट, उत्तराखंड की फिल्म नीति पर हुई चर्चा
मसूरी और लंढौर में आगामी फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं अक्षय कुमार, मुख्यमंत्री ने बताया प्रदेश को प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन
रिपोर्ट; मोहित प्रधान
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रविवार को मुख्यमंत्री आवास में बॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता अक्षय कुमार ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखंड की फिल्म नीति, प्रदेश में फिल्म निर्माण की संभावनाओं और फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई।
अभिनेता अक्षय कुमार इन दिनों मसूरी और लंढौर क्षेत्र में अपनी आगामी फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविध भौगोलिक परिस्थितियों के कारण देश के प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में पहचान बना रहा है। प्रदेश में बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स की शूटिंग से उत्तराखंड की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार की उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। फिल्म निर्माताओं को सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से शूटिंग की अनुमति सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही, फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए अनुदान की व्यवस्था भी की गई है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश में अधिक से अधिक फिल्मों की शूटिंग को बढ़ावा देना है, ताकि स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर मिल सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि फिल्म निर्माण गतिविधियों में वृद्धि से पर्यटन, होटल व्यवसाय, परिवहन और अन्य स्थानीय कारोबार को भी लाभ पहुंच रहा है। राज्य सरकार उत्तराखंड को फिल्म निर्माण के आकर्षक केंद्र के रूप में विकसित करने और फिल्म निर्माताओं को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।



