### बेकाबू बस ने स्कूटी सवार दो युवकों को मारी टक्कर, एक की हालत गंभीर

रिपोर्ट; लक्ष्मण कश्यप
हरिद्वार। श्यामपुर क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक तेज रफ्तार बेकाबू बस ने स्कूटी सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम मुरादाबाद डिपो की बस नजीबाबाद की ओर से हरिद्वार जा रही थी। इसी दौरान कांगड़ी से श्यामपुर की ओर जा रहे स्कूटी सवार दो युवक बस की चपेट में आ गए। बताया जा रहा है कि अचानक चालक का बस से नियंत्रण हट गया और बस विपरीत दिशा में जाकर स्कूटी से टकरा गई।
सूचना पर वरिष्ठ उप निरीक्षक संजीत कंडारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कोतवाली प्रभारी भगवान महर ने बताया कि घायलों में मोहित निवासी गाजीवाली को परिजन अपने साथ भुमानंद अस्पताल ले गए, जबकि दूसरे युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे एम्स रेफर कर दिया गया।


