हरिद्वार के मुकेश कुमार को नैनीताल हाईकोर्ट में मिला सर्वश्रेष्ठ अधिकार मित्र का सम्मान
रिपोर्ट; लक्ष्मण कश्यप
हरिद्वार। संविधान दिवस के अवसर पर उत्तराखंड उच्च न्यायालय परिसर, नैनीताल में आयोजित समारोह में हरिद्वार के सर्वश्रेष्ठ अधिकार मित्र (पैरा लीगल वॉलंटियर) मुकेश कुमार को उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश एवं उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यपालक अध्यक्ष न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी ने उन्हें स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।
गुरुवार को आयोजित समारोह में प्रदेश के सभी 13 जिलों से चयनित एक-एक सर्वश्रेष्ठ अधिकार मित्र को सम्मानित किया गया। मुकेश कुमार का चयन पूरे हरिद्वार जनपद से किया गया था। उन्हें यह सम्मान संवैधानिक एवं कानूनी जागरूकता फैलाने, जरूरतमंदों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने और विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए दिया गया।
इस उपलब्धि पर मुकेश कुमार ने जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष नरेंद्र दत्त तथा प्राधिकरण की सचिव सिमरनजीत कौर का आभार जताया। उन्होंने कहा कि दोनों अधिकारियों के मार्गदर्शन, सहयोग और विश्वास के चलते उन्हें यह उपलब्धि हासिल हुई है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और अधिक समर्पण के साथ समाज के जरूरतमंद लोगों की सेवा करने तथा कानूनी जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित करेगा।


