उत्तराखंड में छह आईएएस अधिकारियों के विभागों में फेरबदल, शासन ने जारी किए आदेश
रिपोर्ट : मोहित प्रधान
देहरादून। उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव करते हुए छह भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारियों के विभागों एवं जिम्मेदारियों में फेरबदल किया है। कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-01 की ओर से 17 नवंबर 2026 को इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं। आदेश पर अपर सचिव नवनीत पांडेय के हस्ताक्षर हैं।
जारी आदेश के अनुसार, आईएएस अधिकारी नितेश कुमार झा से पंचायती राज विभाग के सचिव पद की जिम्मेदारी वापस लेते हुए उनके पास शहरी विकास एवं पंचायती राज विभाग का कार्यभार दर्शाया गया है। वहीं, बी. षणमुगम को सैनिक कल्याण विभाग का सचिव बनाया गया है। सुशील किशोर पंत से सैनिक कल्याण विभाग की जिम्मेदारी हटाई गई है।
इसी क्रम में उमेश नारायण पांडेय को पंचायती राज विभाग के सचिव की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। विनीत कुमार को अल्पसंख्यक कल्याण विभाग में निदेशक की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, सुबोध कुमार सिंह से अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के निदेशक का प्रभार वापस लिया गया है।
शासन ने संबंधित अधिकारियों को वर्तमान पदभार से कार्यमुक्त होकर नवीन तैनाती पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। इस फेरबदल को प्रशासनिक कार्यों के बेहतर संचालन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


