### अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के अध्यक्ष ने 7 मदरसों और 3 मकतबों का किया निरीक्षण

**बिना मान्यता संचालित मदरसों को नोटिस, मकतबों में बच्चों का रिकॉर्ड रखने और स्कूल समय के बाद संचालन के निर्देश**
रिपोर्ट ; मोहित प्रधान
**हरिद्वार।** उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. सुरजीत सिंह गांधी ने मंगलवार को जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह रावत एवं सहायक जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी बाबी कुमार के साथ विभिन्न क्षेत्रों में संचालित 7 मदरसों और 3 मकतबों का निरीक्षण किया।
इस दौरान बिजौली, नगला इमरती, लादपुर खुर्द, लादपुर कला, जैनपुर और मख्याली खुर्द क्षेत्र के संस्थानों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। अध्यक्ष ने मकतब संचालकों को निर्देश दिए कि वहां आने वाले सभी बच्चों का अनिवार्य रूप से रिकॉर्ड रखा जाए। साथ ही मकतबों का संचालन विद्यालय समय के बाद किया जाए और प्रत्येक बच्चा किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय में नियमित रूप से अध्ययनरत हो।
निरीक्षण के दौरान बिना मान्यता संचालित मदरसों को नोटिस जारी किए गए। वहीं, शिक्षा विभाग से मान्यता प्राप्त लेकिन प्राधिकरण से संबद्ध नहीं संस्थानों को भी निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए। नियमों के उल्लंघन पर पांच लाख रुपये तक जुर्माना और संस्थान सील करने के प्रावधानों की जानकारी दी गई।
डॉ. गांधी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन के अनुरूप बच्चों को धार्मिक शिक्षा के साथ विज्ञान, गणित, अंग्रेजी और तकनीकी शिक्षा से जोड़ना प्राधिकरण की प्राथमिकता है।


