होमगार्ड भर्ती परीक्षा परिणाम पर आपत्तियों का 19 और 20 नवंबर को होगा निस्तारण 
**जिला होमगार्ड कार्यालय रोशनाबाद में सुबह 10 से शाम 5 बजे तक अभ्यर्थियों की समस्याएं सुनी जाएंगी**
रिपोर्ट ; मोहित प्रधान
**हरिद्वार।** होमगार्ड भर्ती परीक्षा परिणाम को लेकर अभ्यर्थियों की शंकाओं और आपत्तियों के निराकरण के लिए 19 और 20 नवंबर को विशेष व्यवस्था की गई है। होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा मुख्यालय, उत्तराखंड, देहरादून की ओर से 16 नवंबर को जारी पत्र के क्रम में यह निर्णय लिया गया है।
जिन अभ्यर्थियों को वर्ष 2026 की होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत जारी परीक्षा परिणाम में किसी प्रकार की त्रुटि, संदेह या आपत्ति है, वे निर्धारित तिथियों पर जिला होमगार्ड कार्यालय, रोशनाबाद, हरिद्वार पहुंचकर अपनी समस्या दर्ज करा सकते हैं।
इसके लिए कार्यालय में प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। जिला कमांडेंट होमगार्ड्स गौतम कुमार ने संबंधित अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि और समय पर कार्यालय पहुंचकर अपने परीक्षा परिणाम से जुड़ी शंकाओं एवं आपत्तियों का निराकरण कराएं।


