### मुख्यमंत्री धामी ने एम्स ऋषिकेश पहुंचकर बस दुर्घटना के घायलों का जाना हालचाल

**चिकित्सकों को बेहतर उपचार के निर्देश, प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता का दिया भरोसा**
रिपोर्ट ; मोहित प्रधान
**ऋषिकेश।** मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को एम्स ऋषिकेश पहुंचकर टिहरी गढ़वाल के गूलर घाटी क्षेत्र में हुई बस दुर्घटना में घायल लोगों का हालचाल जाना। उन्होंने अस्पताल में उपचाराधीन घायलों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम पूछा और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों से घायलों की स्वास्थ्य स्थिति और उपचार की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार दुर्घटना से प्रभावित लोगों और उनके परिजनों के साथ खड़ी है। घायलों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी मौजूद रहे।


