महाराजा भगीरथ की पेंटिंग हटाने पर विवाद, विधायक उमेश कुमार ने दी मुकदमे की चेतावनी
हरिद्वार। लक्सर- शिव मूर्ति चौराहे पर स्थित रोडवेज बस स्टैंड के निकट सैनी समाज के लोगों द्वारा अचानक महाराजा भगीरथ की पेंटिंग हटाकर वहां प्रतिमा लगाए जाने को लेकर गुरुवार प्रातः विवाद हो गया। सूचना पर पहुंचे खानपुर विधायक उमेश कुमार ने पेंटिंग हटाने के तरीके पर नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार लोगों के ख़िलाफ़ मुकदमा दर्ज कराने की चेतावनी दी। खानपुर विधायक उमेश कुमार शर्मा ने करीब दो साल पूर्व अपने निजी खर्च से रोडवेज बस स्टैंड के निकट महाराजा भगीरथ की भव्य पेंटिंग लगवाई थी,जिसका अनावरण उनकी पत्नी सोनिया शर्मा ने किया था। अचानक उक्त पेंटिंग को हटाए जाने की सूचना पर विधायक मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि पेंटिंग समाज की आस्था से जुड़ी थी और उसे हटाने से पहले समाज को सूचना देने के साथ पंडित को बुलाकर पूरे विधि-विधान का पालन किया जाना जरूरी था।उन्होंने धार्मिक भावनाएं आहत करने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में कार्रवाई की बात कही।वहीं,सैनी समाज के जिला अध्यक्ष बाबूराम सैनी ने बताया कि पेंटिंग खंडित हो गई थी। इस संबंध में समाज के लोगों से बातचीत के बाद सर्वसम्मति से उसे हटाकर महाराजा भगीरथ की प्रतिमा स्थापित करने का निर्णय लिया गया था।



