सत्यम पाठशाला के बच्चों ने जाना प्रशासन और पुलिस का कामकाज

डीएम मयूर दीक्षित और एसपी क्राइम निशा यादव ने बच्चों को दिए सफलता के मंत्र
रिपोर्ट दिशा शर्मा
हरिद्वार, 29 सितंबर। अजीतपुर स्थित सत्यम पाठशाला के बच्चों ने मंगलवार को जनपद मुख्यालय एवं रोशनाबाद स्थित वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय का भ्रमण किया। पाठशाला की इस पहल का उद्देश्य बच्चों को शिक्षा के साथ प्रशासनिक एवं पुलिस व्यवस्था की जानकारी देना, उनका आत्मविश्वास बढ़ाना और सामाजिक समझ विकसित करना रहा।
भ्रमण के दौरान बच्चों ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरके सिंह तथा एसपी क्राइम एवं यातायात निशा यादव से शिष्टाचार भेंट की। अधिकारियों ने बच्चों से संवाद कर उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य, अनुशासन और यातायात नियमों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि जीवन में सफलता के लिए लक्ष्य निर्धारित करना जरूरी है। कड़ी मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ लक्ष्य की दिशा में निरंतर प्रयास किया जाए तो सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने बच्चों को मोबाइल फोन और सोशल मीडिया के अत्यधिक इस्तेमाल से बचने तथा समय का सदुपयोग पढ़ाई और रचनात्मक गतिविधियों में करने की सलाह दी।
एसपी क्राइम निशा यादव ने बच्चों को पढ़ाई को पहली प्राथमिकता बनाने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि निरंतर मेहनत और अनुशासन के बल पर बच्चे अपने सपनों को साकार कर सकते हैं।
सीएमओ डॉ. आरके सिंह ने शिक्षा के साथ स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला।
पाठशाला के संचालक अरुण कश्यप ने कहा कि बच्चों को नई जगहों का अनुभव और अधिकारियों से संवाद कराने से उनमें आत्मविश्वास एवं सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित होता है। पाठशाला का उद्देश्य बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़कर जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना है।
भ्रमण के दौरान शिक्षिका रेणु देवी सहित आशा,वैष्णवी,शिवम,अश्विन, शालू,आयुष,हंसिका,तेजस, शौर्य,प्राणिका,प्रणव,मीरा, पायल,कृष्णा,श्रेष्ठ,देवांशु, शिवानी,दिव्यांका,मानवी,अनु और वांशिका आदि बच्चे मौजूद रहे।



