हरिद्वार ग्रामीण में भाजपा कार्यकर्ता की फेसबुक पोस्ट से सियासी हलचल, गुटबाजी की चर्चाएं तेज।
- रिपोर्ट: अरुण कश्यप

हरिद्वार। हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र में भाजपा के एक वरिष्ठ कार्यकर्ता की फेसबुक पोस्ट इन दिनों राजनीतिक चर्चाओं का केंद्र बनी हुई है। सोशल मीडिया पर सामने आई पोस्ट में मीडिया के सामने जल्द रूबरू होने और कुछ मामलों में खुलासे किए जाने की बात कही गई है। एक अन्य पोस्ट में आय से अधिक संपत्ति रखने वालों को लेकर भी जल्द खुलासे का संकेत दिया गया है।पोस्ट सामने आने के बाद भाजपा के स्थानीय कार्यकर्ताओं और राजनीतिक हलकों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ लोग इसे संगठन के भीतर चल रही नाराजगी से जोड़कर देख रहे हैं, तो कुछ इसे व्यक्तिगत स्तर पर उठाए गए सवालों के रूप में देख रहे हैं।
राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, सोशल मीडिया पर इस तरह की सार्वजनिक टिप्पणियां संगठन के भीतर मतभेद और असंतोष की चर्चाओं को हवा दे सकती हैं। खासकर आगामी चुनावी तैयारियों के बीच कार्यकर्ताओं की एकजुटता भाजपा के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।हालांकि, पोस्ट में लगाए गए संकेतों या आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि संबंधित कार्यकर्ता आगे मीडिया के सामने क्या तथ्य रखते हैं और भाजपा संगठन इन चर्चाओं पर क्या प्रतिक्रिया देता है।


