मूसलाधार बारिश भी नहीं डिगा सकी शिवभक्तों का उत्साह, ओम पुल कांवड़ शिविर में हजारों श्रद्धालुओं को कराया जा रहा भोजन
रिपोर्ट दिशा शर्मा
रुड़की। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बावजूद कांवड़ यात्रा में शिवभक्तों की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं आई है। ओम पुल, रुड़की के समीप सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित कांवड़ सेवा शिविर में दिन-रात शिवभक्तों की सेवा की जा रही है। उत्तर प्रदेश के उत्तरी खंड गंगा नहर सिंचाई विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी बारिश के बीच भी पूरी निष्ठा के साथ कांवड़ियों के लिए भोजन, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा रहे हैं।
श्रावण मास में आयोजित इस सेवा शिविर का शुभारंभ अधिशासी अभियंता विकास त्यागी ने किया था। तब से शिविर लगातार संचालित हो रहा है और अब तक लगभग 5 से 10 हजार कांवड़ियों को भोजन एवं जलपान उपलब्ध कराया जा चुका है। शिवभक्त भी विभाग की इस सेवा भावना की सराहना करते हुए प्रसन्नता व्यक्त कर रहे हैं।
शिविर में कांवड़ियों के लिए शुद्ध पेयजल, ओआरएस, प्राथमिक उपचार, विश्राम की व्यवस्था, मोबाइल चार्जिंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। ओम पुल क्षेत्र कांवड़ मार्ग का एक महत्वपूर्ण पड़ाव होने के कारण यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, जिन्हें इस शिविर से काफी राहत मिल रही है।
इस अवसर पर पंकज मौर्य, प्रतीक वर्मा, सुनील प्रधान अवर अभियंता के.के. सैनी, हरीश, अतुल कुमार, विशेष सहयोगी विनीत कुमार, देवेंद्र कुमार, राजीव त्यागी सहित सिंचाई विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे तथा शिवभक्तों की सेवा में सक्रिय रूप से जुटे रहे।



