जमालपुर कला में सड़क चौड़ीकरण की मांग, विपिन चौधरी ने मुख्यमंत्री को सौंपा मांग पत्र

हरिद्वार। भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला महामंत्री विपिन चौधरी ने गुरुकुल कांगड़ी हेलीपैड पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर जमालपुर कला में वेद मंदिर से फ्लाईओवर अंडरपास तक सड़क के दोनों ओर एक-एक मीटर चौड़ीकरण कराने की मांग उठाई। उन्होंने मुख्यमंत्री को मांग पत्र सौंपकर यातायात के बढ़ते दबाव और दुर्घटनाओं की आशंका से अवगत कराया।
विपिन चौधरी ने कहा कि इस मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहनों की आवाजाही होती है। सड़क की सीमित चौड़ाई के कारण वाहन चालकों और स्थानीय निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में सड़क का चौड़ीकरण जनहित और सड़क सुरक्षा की दृष्टि से जरूरी है।
उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग की ओर से कुंभ मेले के मद्देनजर सड़क की मरम्मत कराई जा रही है, लेकिन केवल मरम्मत से यातायात की समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। इसके लिए सड़क का चौड़ीकरण भी आवश्यक है।
*ग्रामीण भी उठा चुके हैं मांग*
इस मार्ग पर मरम्मत कार्य के दौरान ग्रामीणों और कॉलोनीवासियों ने भी चौड़ीकरण की मांग उठाई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना चौड़ीकरण के सड़क बनाने से यातायात संबंधी समस्याएं बनी रह सकती हैं।
विपिन चौधरी ने मुख्यमंत्री से संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश देने का आग्रह किया, ताकि सड़क चौड़ीकरण होने से आवागमन सुगम हो और दुर्घटनाओं की आशंका कम की जा सके।


