हरिद्वार में महिला हत्याकांड का खुलासा: पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी घायल गिरफ्तार, साथी फरार।

रिपोर्ट अरुण कश्यप!
हरिद्वार। नगर कोतवाली क्षेत्र में 28 जून को गंगा तट की झाड़ियों में मिले अज्ञात महिला के शव के मामले में पुलिस ने अहम सफलता हासिल की है। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।पुलिस के अनुसार, रोड़ीबेलवाला चौकी क्षेत्र के आस्था पथ पर 25 से 30 वर्षीय अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटने और मुंह दबाने से दम घुटने के कारण मौत की पुष्टि हुई। महिला के शरीर पर संघर्ष और चोटों के कई निशान भी मिले थे, जिसके बाद हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।जांच के दौरान दूधिया बंध तिराहे पर चेकिंग के समय पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा फरार हो गया।
घायल आरोपी की पहचान बिजनौर के नहटौर निवासी जीशान के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने अपने साथी शाहनवाज के साथ मिलकर महिला की गला दबाकर हत्या करने और शव को गंगा किनारे झाड़ियों में फेंकने की बात स्वीकार की है।
घायल आरोपी का जिला मेला अस्पताल में उपचार चल रहा है। फरार आरोपी शाहनवाज की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे हत्याकांड का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।


