गंगा हेरिटेज प्रोजेक्ट पर फिर चला बुलडोजर, प्राधिकरण ने निर्माण कार्य रुकवाया

हरिद्वार। श्यामपुर स्थित आलिया रिजॉर्ट के पास संचालित “गंगा हेरिटेज” प्रोजेक्ट पर एक बार फिर हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण की कार्रवाई हुई। प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण कार्यों को ध्वस्त करते हुए बुलडोजर चलाया और कॉलोनाइजर को सख्त चेतावनी जारी की।
जानकारी के अनुसार इससे पहले भी प्राधिकरण द्वारा उक्त प्रोजेक्ट के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य बंद कराया गया था। बावजूद इसके कॉलोनाइजर द्वारा नियमों की अनदेखी करते हुए दोबारा निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। मामले की जानकारी मिलने पर प्राधिकरण की टीम ने मौके का निरीक्षण किया और अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई अमल में लाई।
प्राधिकरण अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना स्वीकृति किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य नहीं होने दिया जाएगा। टीम ने कॉलोनाइजर को निर्देश दिए कि भविष्य में यदि दोबारा निर्माण कार्य किया गया तो और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि अवैध कॉलोनियों और बिना मानचित्र स्वीकृति के हो रहे निर्माण कार्यों पर लगातार सख्ती जरूरी है, ताकि क्षेत्र का सुनियोजित विकास सुनिश्चित किया जा सके।


