सीसीआर व घाटों पर चला बड़ा अतिक्रमण हटाओ अभियान, 10 से अधिक ठेलियां जब्त।
हरिद्वार।जिलाधिकारी मयूर दीक्षित तथा नगर आयुक्त नंदन कुमार के निर्देशों के क्रम में नगर निगम हरिद्वार ने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के साथ संयुक्त रूप से सोमवार को व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान के तहत सीसीआर के निकट और समस्त घाटों पर विशेष कार्रवाई की गई।
नगर निगम की टीम ने अभियान के दौरान करीब 50 से 60 ठेलियों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाया, जबकि 10 से अधिक ठेलियों को जब्त कर लिया गया। इसके अलावा तीन ठेलियों को जेसीबी के माध्यम से नष्ट भी किया गया। अधिकारियों ने बताया कि इन क्षेत्रों में पूर्व में भी नियमित रूप से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाती रही है, लेकिन बार-बार अतिक्रमण होने के कारण इस बार सख्त रुख अपनाया गया।
अभियान के दौरान अतिक्रमणकारियों का सामान भी जब्त किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो न केवल सामान जब्त होगा, बल्कि संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।
मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट कुसुम चौहान, उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, मुख्य सफाई निरीक्षक अर्जुन सिंह, अतिक्रमण प्रभारी आदित्य तेश्वर सहित नगर निगम की टीम मौजूद रही। नगर निगम ने साफ किया है कि अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




