कांगड़ी ग्राम पंचायत में चला सफाई अभियान, अब हर दूसरे दिन घर-घर पहुंचेगी कूड़े की
गाड़ी
रिपोर्ट; लक्ष्मण कश्यप
हरिद्वार। कांगड़ी ग्राम पंचायत को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के उद्देश्य से ग्राम विकास अधिकारी अनुज कुमार के नेतृत्व में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले घरों, होटलों और ढाबों से डोर-टू-डोर कूड़ा एकत्रित किया गया।
इस दौरान ग्रामीणों और व्यापारियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने तथा कूड़ा इधर-उधर न फेंकने की अपील की गई। ग्राम विकास अधिकारी अनुज कुमार ने बताया कि गांव में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पंचायत की ओर से नियमित कूड़ा उठान की व्यवस्था की गई है। अब हर एक दिन छोड़कर कूड़े की गाड़ी गांव के प्रत्येक घर, होटल और व्यावसायिक प्रतिष्ठान तक पहुंचेगी। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे कूड़ा सड़क या खुले स्थानों पर फेंकने के बजाय कूड़े की गाड़ी में ही डालें, जिससे गांव को स्वच्छ और गंदगी मुक्त बनाया जा सके।


