हरिद्वार को मिलेगा कैबिनेट में प्रतिनिधित्व? मदन कौशिक और प्रदीप बत्रा के नामों पर सबसे ज्यादा चर्चा।
रिपोर्ट:अरुण कश्यप 
देहरादून/हरिद्वार। उत्तराखंड की राजनीति में आज सुबह 10 बजे लोक भवन में होने वाले नए कैबिनेट मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह से पहले हरिद्वार जनपद में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। जिले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या इस बार हरिद्वार को कैबिनेट मंत्रालय में प्रतिनिधित्व मिलेगा और अगर मिलेगा तो किस नेता के सिर पर ताज सजेगा।
राजनीतिक गलियारों में इस समय सबसे ज्यादा चर्चा दो नामों—वरिष्ठ भाजपा नेता मदन कौशिक और रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा—को लेकर है। दोनों नेताओं के समर्थक अपने-अपने स्तर पर सक्रिय और उत्साहित नजर आ रहे हैं।मदन कौशिक को भाजपा का कद्दावर और अनुभवी चेहरा माना जाता है। संगठन और सरकार दोनों में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती रही है। वहीं, प्रदीप बत्रा को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के करीबी नेताओं में गिना जाता है, जिससे उनके नाम की चर्चा भी लगातार तेज बनी हुई है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि भाजपा सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने की रणनीति पर आगे बढ़ती है, तो प्रदीप बत्रा का नाम मजबूत दावेदार के रूप में उभर सकता है। सिख समुदाय के प्रभावशाली चेहरे के रूप में उनकी पहचान हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर समेत प्रदेश के कई जिलों में भाजपा के लिए राजनीतिक संदेश दे सकती है।
फिलहाल सभी की निगाहें लोक भवन में होने वाले शपथ ग्रहण पर टिकी हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि हरिद्वार को कैबिनेट में जगह मिलती है या नहीं, और अगर मिलती है तो मदन कौशिक व प्रदीप बत्रा में से किसके हिस्से यह बड़ी जिम्मेदारी आती है।


