सिडकुल में अवैध पार्किंग पर परिवहन विभाग की कार्रवाई, 45 भारी वाहनों के
चालान
ब्लैकलिस्ट करने की भी हुई कार्रवाई, पार्किंग नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी सख्ती
रिपोर्ट ; मोहित प्रधान
हरिद्वार। सिडकुल क्षेत्र में अवैध पार्किंग के खिलाफ परिवहन विभाग ने विशेष अभियान चलाकर 45 भारी वाहनों के चालान किए। साथ ही संबंधित वाहनों को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई भी की गई।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा एवं एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क किनारे बेतरतीब खड़े होकर यातायात बाधित करने वाले भारी वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अधिकारियों ने बताया कि सिडकुल में अवैध पार्किंग के कारण यातायात प्रभावित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ रहा है। वाहन चालकों को निर्धारित एवं अधिकृत पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने के निर्देश दिए गए हैं।
परिवहन विभाग ने ट्रांसपोर्टरों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों से पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोबारा उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


