मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का निधन, 91 वर्ष की उम्र में पंचूर गांव में ली अंतिम सांस
उत्तराखंड के पैतृक गांव में हुआ निधन, खबर से परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर; पौड़ी एसएसपी ने की पुष्टि
रिपोर्ट ; मोहित प्रधान
हरिद्वार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के परिवार से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। उनकी माता सावित्री देवी का 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पौड़ी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार ने सावित्री देवी के निधन की पुष्टि की है। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं।
मां के निधन की खबर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के लिए गहरा दुख लेकर आई है। मां और बेटे का रिश्ता हमेशा भावनाओं और आत्मीयता से जुड़ा होता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अपनी मां के प्रति विशेष लगाव रहा है। व्यस्त राजनीतिक जीवन के बावजूद वह समय-समय पर अपनी मां से मिलने पैतृक गांव पहुंचते रहे थे।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जन्म भी पंचूर गांव में हुआ था। उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट का अप्रैल 2020 में निधन हो गया था। सावित्री देवी के निधन से एक बार फिर परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। क्षेत्र में भी उनके निधन पर शोक संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं।


