लालढांग क्षेत्र में अवैध खनन का खेल, वायरल वीडियो में हथियार लहराते दिखे लोग; गैंग से कनेक्शन की चर्चाएं
रिपोर्ट:मोहित प्रधान.
हरिद्वार के लालढांग क्षेत्र में इन दिनों अवैध खनन से जुड़ी गतिविधियों की खबरें और वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं। वायरल वीडियो में कुछ लोग हथियार लहराते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में अवैध खनन के कारोबार, दबंगई और कथित आपराधिक नेटवर्क को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
सूत्रों के हवाले से यह भी दावा किया जा रहा है कि वायरल वीडियो में नजर आने वाले कुछ लोगों के तार राजस्थान से जुड़े हैं, जबकि इनमें से एक व्यक्ति के संबंध बड़े राष्ट्रीय स्तर के गैंग से जुड़े होने की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
अवैध खनन के इस कथित कारोबार में सोशल मीडिया पर सक्रिय एक व्यक्ति की भूमिका भी चर्चाओं में है। आरोप लगाए जा रहे हैं कि यह व्यक्ति अपने प्रभावशाली आका के नाम और कथित संरक्षण का सहारा लेकर खनन के कारोबार को संचालित करने में भूमिका निभा रहा है। सोशल मीडिया पर अपनी सक्रियता और संपर्कों के चलते उसे क्षेत्र में खास पहचान भी मिली हुई बताई जा रही है।
लेकिन इस पूरे मामले में एक दिलचस्प पहलू यह भी सामने आ रहा है कि कथित तौर पर जिनका नाम संरक्षण के तौर पर लिया जा रहा है, उन्हें भी अपने नाम के दुरुपयोग और संबंधित गतिविधियों की जानकारी नहीं होने की संभावना जताई जा रही है।
अब सवाल यह है कि वायरल वीडियो में हथियार लहराने वाले लोगों की पहचान कौन करेगा और लालढांग क्षेत्र में अवैध खनन के इस कथित नेटवर्क पर पुलिस व प्रशासन कब शिकंजा कसेगा?


