**कैंट विधानसभा क्षेत्र को सीएम धामी की 48.44 करोड़ की सौगात, 23 विकास योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास
**
**क्षेत्र के विकास के लिए आठ महत्वपूर्ण घोषणाएं, सड़क, पेयजल और शिक्षा सुविधाओं को मिलेगा बढ़ावा*
रिपोर्ट ; मोहित प्रधान
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को कोलागढ़ में आयोजित जनसभा में कैंट विधानसभा क्षेत्र को 48.44 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 23 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 29.41 करोड़ रुपये की 10 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 19.03 करोड़ रुपये की 13 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। साथ ही क्षेत्र के विकास के लिए आठ महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।
मुख्यमंत्री ने शास्त्रीनगर नाले के पुनर्निर्माण, हरवंश कपूर राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में डिग्री कॉलेज खोलने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने और कांवली रोड के चौड़ीकरण की घोषणा की। इसके अलावा पांच करोड़ रुपये से विभिन्न सड़कों का निर्माण, तीन स्थानों पर ट्यूबवेल स्थापना तथा गोविंदगढ़ और विजय पार्क में पेयजल लाइन सुदृढ़ीकरण की योजनाओं को आगे बढ़ाने की बात कही। प्रेमनगर को नगर पालिका में शामिल करने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून को आधुनिक सुविधाओं से युक्त सुव्यवस्थित शहर बनाने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। प्रदेश में तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं तथा पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
कार्यक्रम में विधायक सविता कपूर, मेयर सौरभ थपलियाल, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल, सीडीओ डॉ. दीपक सैनी सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।


