### कुंभ-2027: धनुष पुल से बैरागी कैंप तक विस्तारित होगा आस्थापथ
**मेलाधिकारी सोनिका ने किया निर्माण कार्यों का निरीक्षण, अधिकारियों को समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश**
रिपोर्ट; मोहित प्रधान
**हरिद्वार।** कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार में आस्थापथ के विस्तार और विकास कार्यों में तेजी लाई जा रही है। धनुष पुल से बैरागी कैंप तक आस्थापथ का विस्तार किया जा रहा है। इससे श्रद्धालुओं को हरकी पैड़ी तक आवागमन के लिए बेहतर वैकल्पिक मार्ग मिलेगा। साथ ही कुंभ के दौरान भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन निकासी में भी सुविधा होगी।
बुधवार को मेलाधिकारी सोनिका ने चंडी चौक से धनुष पुल तक पैदल भ्रमण कर निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
परियोजना के तहत धनुष पुल से आस्था पुल होते हुए दीनदयाल उपाध्याय पार्किंग तक मार्ग का निर्माण अंतिम चरण में है। वहीं पार्किंग के समीप करीब 270 मीटर लंबे एलीवेटेड मार्ग का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। मेलाधिकारी ने दिन-रात कार्य कराने और नियमित निगरानी के निर्देश दिए।
उन्होंने धनुष पुल से सीसीआर के बीच नवनिर्मित घाट, रोड़ी बेलवाला क्षेत्र और एडमिन रोड के निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया। घाट पर प्रकाश, सुरक्षा और जनसुविधाओं की व्यवस्था समय से पूरी करने को कहा। साथ ही रोड़ी बेलवाला को अतिक्रमणमुक्त रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान यूपीडीसीसी के परियोजना प्रबंधक सुमित मलवाल, सिंचाई विभाग के अभियंता भारत भूषण सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


