ऑपरेशन प्रहार : रानीपुर पुलिस की दोहरी सफलता,
दुष्कर्म व नाबालिग से दुष्कर्म के दो आरोपी गिरफ्तार
रिपोर्ट: साहिल लांबा
हरिद्वार। कोतवाली रानीपुर पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में दुष्कर्म के आरोपित दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।पहले मामले में रानीपुर क्षेत्र की 19 वर्षीय युवती के घर से चले जाने के बाद उसकी मां की शिकायत पर जांच की गई। युवती के वापस लौटने और मेडिकल परीक्षण के बाद आरोपी गोविंद के खिलाफ शादी का झांसा देकर कई बार दुष्कर्म करने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी गोविंद को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित बादशाहीबाग क्षेत्र से गिरफ्तार किया।दूसरे मामले में एक नाबालिग किशोरी का पीछा करने, अपहरण का प्रयास, धमकी देने तथा दुष्कर्म के आरोप में दर्ज मुकदमे में मेडिकल और पीड़िता के बयान के आधार पर बीएनएस की धाराओं के साथ पोक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाई गईं। पुलिस ने आरोपी करण को विष्णुलोक कॉलोनी स्थित बड़ी टंकी के पास से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सहारनपुर निवासी 24 वर्षीय गोविंद पुत्र बेगपाल तथा ज्वालापुर निवासी 20 वर्षीय करण पुत्र काले सिंह उर्फ कालीचरण के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक पूजा पांडेय, राहुल थापा, संदीपा भंडारी तथा पुलिस टीम के अन्य सदस्यों ने अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।




