रेलवे स्टेशन पुरुषार्थी मार्केट के पास मकान ढहा, मलबे में फंसे चार लोगों को फायर सर्विस ने सुरक्षित निकाला

रिपोर्ट दिशा शर्मा
हरिद्वार, 09 जुलाई। हरिद्वार के विष्णु घाट रेलवे स्टेशन के निकट काली कमली क्षेत्र में गुरुवार को एक मकान अचानक ढह जाने से चार लोग मलबे में दब गए। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन मायापुर की टीम मौके पर पहुंची और त्वरित राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
फायर सर्विस को घटना की सूचना एमडीटी के माध्यम से मिली। इसके बाद लीडिंग फायरमैन नरेंद्र सिंह तोमर के नेतृत्व में चालक प्रकाश मनोरी, फायरमैन चंद्र प्रकाश नौटियाल, मातबर सिंह तोमर, सुरेश तथा फायर वूमन दीपाली वर्मा की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची।
बचाव अभियान के दौरान टीम ने पूरी सावधानी और पेशेवर दक्षता के साथ मलबा हटाकर सभी फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इनमें एक व्यक्ति बीमार होने के कारण चलने-फिरने में असमर्थ था, जिसे फायर कर्मियों ने स्ट्रेचर की सहायता से सुरक्षित रेस्क्यू किया।
फायर सर्विस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में जुटी टीम की सराहना की। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि समय रहते सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लेने से जनहानि नहीं हुई।


