घर टूटने के बाद बिजली जोड़ने के नाम पर लाईन मेन की वसूली ,वीडियो वायरल
अधिशासी अभियंता दीपक सैनी के नाम का भी दुरुपयोग।
रिपोर्ट: साहिल लांबा!
हरिद्वार। हरिद्वार रेलवे स्टेशन के पास भारी बारिश के दौरान दो मकान ढहने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल करने के नाम पर विद्युत विभाग के एक लाइनमैन पर प्रभावित परिवारों से अवैध वसूली करने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है, जिसमें संबंधित लाइनमैन कथित तौर पर अधिशासी अभियंता का नाम लेते हुए दिखाई दे रहा है।जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह भारी बारिश के बाद दो मकान गिरने से एहतियातन विद्युत विभाग ने आसपास के घरों के बिजली कनेक्शन काट दिए थे, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। शुक्रवार शाम विभाग की ओर से क्षेत्र में दोबारा बिजली आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए गए।आरोप है कि इसी दौरान लाइनमैन चमन लाल मौके पर पहुंचा और प्रत्येक घर का कनेक्शन जोड़ने के नाम पर लोगों से ₹300-₹300 की वसूली करने लगा। स्थानीय लोगों का दावा है कि पूरी घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड किया गया है, जिसमें लाइनमैन कथित रूप से अधिशासी अभियंता दीपक सैनी का नाम लेता सुनाई दे रहा है।जब इस संबंध में विद्युत वितरण खंड नगर के अधिशासी अभियंता दीपक सैनी से बात की गई तो उन्होंने ऐसी किसी जानकारी से इनकार किया। उन्होंने कहा कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लाइनमैन के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
बारिश से प्रभावित और मकान क्षतिग्रस्त होने के बाद राहत की उम्मीद लगाए बैठे लोगों से कथित वसूली के आरोपों ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की निगाहें विभागीय जांच और संभावित कार्रवाई पर टिकी हैं।



