तो अब हरिद्वार ग्रामीण में अब फिल्मी सितारों का भी होगा जमावड़ा?
सोनिया शर्मा के चुनाव लड़ने की चर्चाओं से गरमाई सियासत
रिपोर्ट: मोहित प्रधान
हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की सियासत में आने वाले दिनों में ग्लैमर और राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन का नया रंग देखने को मिल सकता है। खानपुर विधायक उमेश कुमार की पत्नी और जन निर्माण पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया शर्मा को लेकर चर्चाएं तेज हैं कि उन्होंने हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने का मन लगभग बना लिया है। यदि यह राजनीतिक चर्चा हकीकत में बदलती है तो क्षेत्र में बड़े आयोजनों, रोड शो और फिल्मी हस्तियों के आगमन का सिलसिला भी तेज होने की संभावना जताई जा रही है।सोनिया शर्मा पिछले कुछ समय से हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र में अपनी राजनीतिक और सामाजिक सक्रियता बढ़ाती नजर आ रही हैं। जन निर्माण पार्टी के गठन के बाद संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं से संपर्क और क्षेत्रीय कार्यक्रमों के जरिए उनकी दखलंदाजी लगातार बढ़ने की चर्चा है। पूर्व में भी हरिद्वार ग्रामीण सीट को लेकर उनके नाम की चर्चाएं सामने आ चुकी हैं और रोड शो तथा शक्ति प्रदर्शन की रणनीति की खबरें राजनीतिक गलियारों में सुर्खियां बनी थीं।
हरिद्वार ग्रामीण सीट फिलहाल कांग्रेस विधायक अनुपमा रावत के पास है। दूसरी ओर भाजपा खेमे में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं पूर्व विधायक स्वामी यतीश्वरानंद का नाम भी संभावित दावेदारों के रूप में चर्चा में रहता है। ऐसे में सोनिया शर्मा की सक्रियता क्षेत्र में नए राजनीतिक समीकरण खड़े कर सकती है।उमेश कुमार की राजनीतिक सक्रियता, जन निर्माण पार्टी के आयोजनों और फिल्मी व चर्चित हस्तियों से उनके संपर्कों को देखते हुए क्षेत्र के लोगों के बीच यह चर्चा भी है कि आने वाले समय में हरिद्वार ग्रामीण में बड़े कार्यक्रमों के जरिए राजनीतिक माहौल बनाया जा सकता है। हालांकि, सोनिया शर्मा की उम्मीदवारी और फिल्मी हस्तियों के कार्यक्रमों को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।
हरिद्वार ग्रामीण में अब मुकाबला केवल राजनीतिक दलों के बीच ही नहीं, बल्कि जनसंपर्क, संगठन और प्रभाव प्रदर्शन के स्तर पर भी दिलचस्प होता दिखाई दे रहा है।



