हरिद्वार में फलदार पेड़ों की कटाई पर सवाल,
उद्यान विभाग की भूमिका संदेह के घेरे में

आरोपों के बीच विभागीय कार्रवाई पर सवाल, ज़ियापोता के हरे-भरे बाग के उजड़ने के बाद भी जिम्मेदारों की चुप्पी
रिपोर्ट ; मोहित प्रधान
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में कीमती जमीनों पर खड़े फलदार और हरे-भरे पेड़ों के कटान को लेकर उद्यान विभाग की कार्यशैली सवालों के घेरे में है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जमीनों पर कब्जे और प्लॉटिंग की राह आसान करने के लिए फलदार पेड़ों को कटवाने में कथित तौर पर विभागीय स्तर पर मिलीभगत की जाती है। आरोप है कि पेड़ों के कटान की शिकायतों पर अधिकारी कार्रवाई के बजाय केवल औपचारिकताएं पूरी करते नजर आते हैं।बाहदराबाद क्षेत्र के जियापोता में स्थित एक हरे-भरे बाग का उजड़ना भी इसी विवाद को फिर सामने ले आया है। स्थानीय लोगों का दावा है कि बाग में पेड़ों के कटान को लेकर करीब चार महीने पहले भी उद्यान निरीक्षक शिकायत लेकर पहुंचे थे, लेकिन मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। अब दोबारा बाग के पेड़ काटे जाने के बावजूद ठोस कार्रवाई न होने पर सवाल उठ रहे हैं।स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि फलदार पेड़ों के अवैध कटान के लिए कथित तौर पर प्रति पेड़ 10 हजार रुपये तक की रकम वसूली गई। हालांकि इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और न ही संबंधित अधिकारियों का पक्ष सामने आया है। आरोपों की जांच जरूरी है, ताकि वास्तविकता सामने आ सके।
वहीं, मुख्य जिला उद्यान अधिकारी से संपर्क करने का प्रयास किए जाने पर फोन नॉट रीचेबल बताया जा रहा है, जिससे विभाग का पक्ष नहीं मिल सका।हरिद्वार जनपद में पेड़ों के कटान का मामला केवल एक बाग तक सीमित नहीं है। जुलाई 2026 में प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2025-26 में हरिद्वार वन प्रभाग के आंकड़ों के अनुसार 31 हजार से अधिक पेड़ विभिन्न श्रेणियों में काटे गए या हटाए गए। रिपोर्ट में शहरीकरण के चलते आम, लीची और कटहल के पेड़ों के अवैध कटान की घटनाओं का भी उल्लेख किया गया था।
अब सवाल यह है कि जमीनों की कीमत बढ़ने के साथ हरियाली का सौदा आखिर कौन रोक रहा है? क्या फलदार पेड़ों के कटान की अनुमति, निरीक्षण और शिकायतों की जांच निष्पक्ष तरीके से हो रही है, या फिर शिकायतें कागजों तक ही सीमित रह जाती हैं? कांगड़ी के मामले में लगाए गए आरोपों की जांच और जिम्मेदारों की जवाबदेही तय होना जरूरी है।


