पेपर लीक और भर्ती घोटालों पर कांग्रेस का हमला, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप।
रिपोर्ट:अरुण कश्यप
हरिद्वार। जिला महानगर कांग्रेस कमेटी हरिद्वार ने शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार, पेपर लीक की घटनाओं, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और बढ़ती बेरोजगारी को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि लगातार प्रश्नपत्र लीक होने और परीक्षाओं के निरस्त होने से युवाओं का भविष्य संकट में पड़ गया है तथा उनका सरकारी व्यवस्था पर से विश्वास उठता जा रहा है।
प्रेस क्लब हरिद्वार में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस के शहर महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में वर्षों लगाने वाले छात्र-छात्राएं बार-बार होने वाले पेपर लीक और भर्ती घोटालों के कारण मानसिक तनाव और असुरक्षा का सामना कर रहे हैं। नेताओं ने उत्तराखंड में सामने आए भर्ती घोटालों और नकल माफिया के मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि मेहनती युवाओं को अपनी योग्यता से अधिक व्यवस्था की खामियों से लड़ना पड़ रहा है।प्रेस वार्ता में देहरादून की छात्रा रिया कुमारी थापा की आत्महत्या का भी जिक्र किया गया। कांग्रेस ने इसे युवाओं पर बढ़ते परीक्षा संबंधी दबाव और अनिश्चितता का दुखद उदाहरण बताते हुए सरकार से संवेदनशीलता दिखाने की मांग की।कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर नकल रोकने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि सख्त कानूनों के दावों के बावजूद पेपर लीक की घटनाएं थम नहीं रही हैं। पार्टी ने पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, नकल माफिया के नेटवर्क को ध्वस्त करने, परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने, लंबित भर्तियों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने तथा छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए विशेष व्यवस्था करने की मांग की। इस दौरान उन्होंने कहा कि वह युवाओं के हितों की रक्षा के लिए उनके साथ खड़ी है और भविष्य से खिलवाड़ करने वाली व्यवस्थाओं के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी।


