स्नान पर्व से एक दिन पहले ही हरिद्वार जाम में जकड़ा,
पुलिस की व्यवस्थाओं के बीच सड़कों पर रेंगते रहे वाहन


रिपोर्ट अरुण कश्यप
हरिद्वार। सोमवती अमावस्या स्नान पर्व से पूर्व धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने से शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। हाईवे से लेकर शहर की आंतरिक सड़कों तक दिनभर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक ट्रैफिक प्लान लागू किए जाने के बावजूद कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनी रही।
ऋषिकुल तिराहे से हरकी पैड़ी तक क्षेत्र को जीरो जोन घोषित कर वाहनों की नो-एंट्री की गई थी, लेकिन श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और दबाव के चलते आसपास के मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा। शंकर आश्रम से रानीपुर मोड़ तथा रानीपुर मोड़ से ऋषिकुल तिराहे तक वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। कई जगह वाहन रेंगते नजर आए, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
भीषण गर्मी के बीच ट्रैफिक ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मी और प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे जवान व्यवस्था संभालते हुए पसीना बहाते दिखाई दिए। पुलिस लगातार लोगों को वैकल्पिक मार्गों की जानकारी देने और यातायात को सुचारु बनाए रखने का प्रयास करती रही।
सोमवती अमावस्या स्नान को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए हैं, लेकिन श्रद्धालुओं की भारी आमद के चलते शहर में जाम की समस्या बड़ी चुनौती बनी हुई है।


