पौड़ी में गुलदार का कहर जारी, महिला को बनाया शिकार; क्षेत्र में दहशत
रिपोर्ट मनोज नौडियाल
पौड़ी। जनपद पौड़ी में गुलदार का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को खाण्ड्यूसैण-दीवार गांव के समीप गुलदार ने एक 50 वर्षीय महिला पर हमला कर उसे अपना शिकार बना लिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार महिला गांव के पास किसी कार्य से गई हुई थी। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक उस पर हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी।
घटना की जानकारी तत्काल वन विभाग को दी गई, जिसके बाद विभागीय टीम मौके के लिए रवाना हुई। वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने की बात कही है।
लगातार हो रहे गुलदार हमलों से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग और प्रशासन से गुलदार को शीघ्र पकड़ने तथा क्षेत्र में सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।






